प्रभात लाइव, निचलौल (महराजगंज)। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ठूठीबारी-निचलौल मार्ग पर गड़ौरा पुलिस पिकेट के समीप शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में करीब ढाई वर्षीय मासूम हर्षित की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रोडवेज बस की चपेट में आने से हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
जानकारी के अनुसार ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के धर्मौली टोला निवासी अनिल मद्धेशिया पुत्र चंद्रशेखर मद्धेशिया अपनी पत्नी गुड़िया और बेटे हर्षित के साथ बाइक से गोरखपुर से दवा कराकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम गड़ौरा पुलिस पिकेट के पास पहुंचने पर उनकी बाइक रोडवेज बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मासूम हर्षित की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक घायल महिला गुड़िया की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही ठूठीबारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर चालक और परिचालक को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। पुलिस के मुताबिक बस चालक की पहचान अखिलेश मुनि त्रिपाठी के रूप में हुई है।
पुलिस ने मृत मासूम हर्षित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!