न्यूज़ डेस्क प्रभात लाइव महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना श्यामदेउरवा पुलिस, स्वाट और एसओजी की संयुक्त टीम ने पिपराइच-परतावल मार्ग पर बसहिया मोड़ के पास एक पिकअप वाहन से 4,350 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के अनुसार 13 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि गोरखपुर-पिपराइच के रास्ते एक पिकअप वाहन में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बड़ी खेप लादकर परतावल के रास्ते नेपाल भेजने की तैयारी है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने बसहिया मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप को रोक लिया। तलाशी लेने पर नीले रंग के प्लास्टिक बोरे में रखे गत्तों से नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
बरामद खेप में CEREJACK DIAZEPAM INJECTION IP के 2,000 एम्पुल तथा BUPRENORPHINE INJECTION IP के 2,350 एम्पुल शामिल हैं। प्रत्येक एम्पुल दो एमएल का बताया गया है। पुलिस ने मौके से पिकअप संख्या UP56AT5866 और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाकिर हुसैन (45) निवासी लोहरौली, थाना ठूठीबारी, गोविंद प्रसाद (55) और सचिन (19), दोनों निवासी जमुईकला, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित गिरोह के माध्यम से भारत-नेपाल सीमा पर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करते थे। पुलिस के मुताबिक दवाओं की आपूर्ति बिहार के टिंकविल उर्फ पिंकू नामक व्यक्ति द्वारा की जाती थी। आरोपियों के अनुसार व्हाट्सएप कॉल के जरिए दवाओं का ऑर्डर दिया जाता और बताए गए बैंक खातों में भुगतान किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि बरामद दवाओं की मात्रा व्यावसायिक श्रेणी में आती है। मामले में थाना श्यामदेउरवा में मु0अ0सं0 230/2026, धारा 8/22(c)/23(c) NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जाकिर हुसैन और गोविंद प्रसाद थाना ठूठीबारी के हिस्ट्रीशीटर हैं। जाकिर के खिलाफ NDPS Act, गैंगस्टर एक्ट और लूट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गोविंद के खिलाफ मारपीट, NDPS Act, धोखाधड़ी, कॉपीराइट एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं।
कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर रेंज एस. चन्नप्पा के निर्देश, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में की गई।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक अभिजित कुमार, योगेश कुमार सिंह, आशीष कुमार सिंह और आकाश कुमार शामिल रहे। इनके साथ हेड कांस्टेबल राजेश कन्नौजिया, अमित सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, चन्द्रशेखर यादव, वीरेन्द्र मिश्रा और संदीप भास्कर तथा कांस्टेबल पंकज यादव, आशीष यादव और अंगद कुमार ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!