00:00:00 AM
होम

कन्नौज में सोना बरामदगी के बाद ठूठीबारी में कस्टम, पुलिस व एसएसबी की छापेमारी 16 करोड़ के सोने के साथ पकड़े गए कार चालक संदीप जायसवाल और कथित सूत्रधार रियाज के ठिकानों पर गहन जांच

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 24 Aug 2026, 12:23 PM 389 व्यूज
Main News Image

ठूठीबारी/महराजगंज। कन्नौज में आगरा एक्सप्रेस-वे पर करीब 16 करोड़ रुपये मूल्य के 10.35 किलो सोने की ईंटें बरामद होने के मामले में जांच की आंच अब भारत-नेपाल सीमा के ठूठीबारी कस्बे तक पहुंच गई है। सोमवार को कस्टम विभाग ठूठीबारी, नौतनवा और निचलौल की संयुक्त टीमों ने स्थानीय पुलिस तथा एसएसबी के साथ कस्बे में कई स्थानों पर छापेमारी कर जांच-पड़ताल शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने मामले में पकड़े गए कार चालक संदीप जायसवाल और कपड़ा व्यापारी रियाज से जुड़े प्रतिष्ठानों व संभावित ठिकानों को खंगाला।

News Image

बताया जा रहा है कि कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से टकराने के बाद कार की तलाशी में 10.35 किलो सोने की ईंटें बरामद हुई थीं। मामले में पकड़ा गया कार चालक संदीप जायसवाल ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पूछताछ में उसके द्वारा ठूठीबारी में कपड़े की दुकान चलाने वाले रियाज का नाम लिए जाने के बाद जांच एजेंसियों की निगाह स्थानीय नेटवर्क पर टिक गई है।

जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, संदीप गोरखपुर पहुंचा था, जहां नेपाल के पाल्पा निवासी संदीप पंत ने उसे सोने की ईंटों से भरा बैग सौंपा था। इस खेप को दिल्ली के दरियागंज में कथित तौर पर कोड वर्ड के जरिए किसी अज्ञात व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। हालांकि पूरे नेटवर्क और सोने के स्रोत को लेकर एजेंसियां विस्तृत जांच कर रही हैं।

सिंडिकेट की स्थानीय कड़ियां खंगाल रहीं एजेंसियां

रियाज का नाम सामने आने के बाद कस्टम, एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। सोमवार को कई वाहनों से पहुंची टीमों ने संबंधित दुकानों और अन्य संभावित ठिकानों पर दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की। कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय कथित तस्करों और बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है।

शराब तस्करी के बाद सोने की बरामदगी ने बढ़ाई चिंता

ठूठीबारी सीमा क्षेत्र पहले भी शराब समेत विभिन्न वस्तुओं की कथित तस्करी को लेकर चर्चा में रहा है। अब सोने की बड़ी खेप बरामद होने के बाद सीमा सुरक्षा और तस्करी नेटवर्क को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोने की खेप कहां से आई, इसके पीछे कौन-कौन लोग हैं और सीमा क्षेत्र में इसके लिए किस स्तर पर नेटवर्क सक्रिय है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!