अमावस्या पर दो माह के मासूम की बलि देने की थी साजिश, दिल्ली के कश्मीरी गेट से सकुशल बरामद हुआ बच्चा

आशुतोष मिश्र महराजगंज 07 Nov 2026, 02:03 PM 156 व्यूज
Main Image

100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल महराजगंज पुलिस पहुंची दिल्ली, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार; पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम

प्रभात लाइव, महराजगंज।

दो माह के मासूम बच्चे के अपहरण की सनसनीखेज घटना का महराजगंज पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। ठूठीबारी थाना क्षेत्र के राजाबारी गांव से अपहृत मासूम विक्की को पुलिस ने करीब 700 किलोमीटर दूर दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मासूम को अमावस्या के दिन बलि देने की कथित योजना बनाई गई थी। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Trending
🔥 इसे भी पढ़ें (ताज़ा खबर)
शीतलापुर सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 600 किलो कद्दू बीज बरामद; दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक ने सफल बरामदगी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के मुताबिक, बीते 3 नवंबर की रात राजाबारी टोला रमजीता निवासी गोविन्द अपनी पत्नी और दो माह के बेटे विक्की के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब दो से चार बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर बच्चे को उठा ले गया। घटना की सूचना मिलते ही ठूठीबारी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सुबह करीब 3:57 बजे एक संदिग्ध महिला बच्चे को गोद में लेकर राजाबारी पुल के पास से निचलौल रोड की ओर जाती दिखाई दी। आगे की फुटेज में महिला ठूठीबारी बस स्टैंड तक पहुंचती नजर आई। पूछताछ में पता चला कि वह सुबह करीब पांच बजे बस से शिकारपुर मोड़ पर उतरी थी और घुघली की तरफ चली गई।

Trending
🔥 इसे भी पढ़ें (ताज़ा खबर)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों बृजलाल स्मारक पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं को मिला टैबलेट

तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान सावित्री निवासी ग्राम कफवा, थाना घुघली के रूप में की। इसके बाद सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन का पीछा करते हुए पुलिस टीम दिल्ली पहुंच गई। नई दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर सावित्री अपने साथी करण कुमार गौतम के साथ मासूम बच्चे सहित मिली। बच्चे की तस्वीर परिजनों को भेजकर पहचान कराई गई, जिसके बाद उसकी पहचान विक्की के रूप में हुई।

अंधविश्वास में रची गई थी खौफनाक साजिश

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मासूम की अमावस्या के दिन बलि देने की योजना थी। उनका अंधविश्वास था कि ऐसा करने से सरस्वती का कई वर्षों से लापता पति और पुत्र वापस आ जाएंगे तथा परिवार में पूर्व में हुई अकाल मृत्यु की घटनाएं बंद हो जाएंगी। आरोपियों ने नेपाल के बैरियहवा में एक कथित झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति की सलाह का भी जिक्र किया। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में सावित्री, सरस्वती और सावित्री का दूसरा पति करण कुमार गौतम शामिल थे।

Trending
🔥 इसे भी पढ़ें (ताज़ा खबर)
शीतलापुर में पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, 15 बोरी कद्दू का बीज बरामद; बाइक सहित एक आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में सावित्री पत्नी स्वर्गीय उमेश राजभर, सरस्वती पत्नी सदरी, दोनों निवासी ग्राम कफवा थाना घुघली तथा 22 वर्षीय करण कुमार गौतम निवासी जनपद देवरिया शामिल हैं।

पुलिस ने मासूम को सकुशल बरामद करने के बाद चिकित्सकीय परीक्षण कराया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं और जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में ठूठीबारी थानाध्यक्ष सहित पुलिस, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस टीम और डॉग ट्रैकर स्क्वायड के सदस्यों की अहम भूमिका रही। महराजगंज से दिल्ली तक सुरागों का पीछा कर मासूम को सुरक्षित वापस लाने वाली पुलिस टीम की इस कार्रवाई की चर्चा हो रही है।

शेयर करें:

⚡ 10 तत्काल पोस्ट खबरें

🔥 12 ट्रेंडिंग खबरें (सबसे ज्यादा पढ़ी गई)