गंडक नदी के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी, नदी तटीय और निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश
महराजगंज,। नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती टिमुरे क्षेत्र में तिब्बत की ओर से अचानक अत्यधिक जलप्रवाह आने के कारण भोटेकोशी नदी में आकस्मिक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की सूचना के बाद महाराजगंज जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। टिमुरे बाजार और आसपास के नदी तटीय क्षेत्रों में नुकसान की प्रारंभिक सूचना को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब नौ बजे नेपाल के टिमुरे क्षेत्र में अचानक अत्यधिक जलप्रवाह आने से भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ गया। भोटेकोशी-त्रिशूली नदी तंत्र के माध्यम से इसके निचले क्षेत्रों में प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए महाराजगंज में गंडक नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित तहसीलों, राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नदी तटीय और निचले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। जलस्तर बढ़ने अथवा प्रशासन की चेतावनी जारी होने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी), महाराजगंज से संपर्क किया जा सकता है। आपदा हेल्पलाइन 1077 के अलावा 05523-222162, 9628819145 और 9621333537 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!