झुलनीपुर/महराजगंज। सावन माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गोरखपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) एस. चन्नप्पा एवं महराजगंज के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को निचलौल तहसील क्षेत्र स्थित पंचमुखी शिव मंदिर, इटहिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सावन के प्रत्येक सोमवार और विशेष पर्वों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके।
DIG एस. चन्नप्पा ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, यातायात को सुचारु रखने, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित सिंह, मेला प्रभारी बृजेश कुमार पाण्डेय, लेखपाल अजय कुमार कसौधन, मंदिर के पुजारी ध्यान गिरी, मुन्ना गिरी, राजेश गिरी तथा राजन साईं सहित स्थानीय पुलिस एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ मेले की व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि सावन में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के उपरांत पंचमुखी शिव मंदिर समिति की ओर से गोरखपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) एस. चन्नप्पा एवं महराजगंज के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने सावन मेले की सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए सफल एवं शांतिपूर्ण सावन मेले के आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!