ठूठीबारी (महराजगंज)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस और 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक युवक को 27 लीटर नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में बुधवार देर रात लक्ष्मीपुर-हरखपुरा सीमा नाका पर पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक जूट का बोरा लेकर नेपाल सीमा की ओर से आता दिखाई दिया। तलाशी लेने पर बोरे से किस-मिस सौंफ ब्रांड की नेपाली शराब की 90 शीशियां (प्रत्येक 300 एमएल) बरामद हुईं, जो तीन गत्तों में पैक थीं। कुल बरामद शराब की मात्रा 27 लीटर पाई गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान शिवम साहनी उर्फ लालू, पुत्र रमेश साहनी, निवासी ग्राम डिगही, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज, उम्र लगभग 20 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बरामदगी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी लक्ष्मीपुर उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, कांस्टेबल दीपक कुमार, प्रमोद यादव, दीपक सिंह तथा 22वीं वाहिनी एसएसबी के उपनिरीक्षक धनवीर सिंह रावत, मुख्य आरक्षी रामनरेश महतो, आरक्षी डेबाजीत डेका और आरक्षी अमरेश कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!