निचलौल/महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के जमुई कला गांव की निवासिनी सोना तिवारी पत्नि वशिष्ठ तिवारी शनिवार को जमुई कला मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल भेजा गया।
सीएचसी निचलौल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सोना तिवारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन और स्वास्थ्यकर्मी उन्हें जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी होने पर ठूठीबारी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर पुलिस पहुंची थी। घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल भेजा गया था। वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद उपनिरीक्षक को मौके पर भेजा गया। उपनिरीक्षक ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगे विधिक कार्यवाही की जाएंगी।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!