00:00:00 AM
होम

संयुक्त नाका कार्रवाई में 135 लीटर नेपाली शराब बरामद, तस्कर सीमा पार कर फरार

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 30 Aug 2026, 01:41 AM 77 व्यूज
Main News Image

निचलौल/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के ए समवाय पतलावा और पुलिस चौकी बहुआर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 लीटर नेपाली शराब बरामद की। बरामद शराब 450 बोतलों में थी। हालांकि, नाका दल की भनक लगते ही शराब तस्कर बोरियां मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।

News Image

एसएसबी के अनुसार बीती रात करीब आठ बजे ए समवाय पतलावा को सूचना मिली कि कर्मिस्वा पोस्ट से लगभग 200 मीटर की दूरी और सीमा स्तंभ संख्या 499 से करीब 500 मीटर दूर कुछ लोग सिर पर बोरी रखकर नेपाली शराब लेकर खेत के रास्ते भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 200 से 300 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में छिपकर नाका लगाया।

कुछ देर बाद कुछ लोग सिर पर बोरी रखकर सीमा पार करते हुए भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने लगे। जैसे ही वे करीब 50 मीटर भारतीय क्षेत्र में पहुंचे, उन्हें नाका दल की मौजूदगी का आभास हो गया। इसके बाद वे बोरियां मौके पर ही छोड़कर भागने लगे। संयुक्त टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन तस्कर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर नेपाल की ओर भाग निकले। सीमा पार कर जाने के कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

मौके पर छोड़ी गई बोरियों की तलाशी लेने पर कुल तीन बोरियां बरामद हुईं। प्रत्येक बोरी में पांच पेटियां थीं और प्रत्येक पेटी में 30 बोतल शराब रखी थी। इस प्रकार कुल 15 पेटियों में 450 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल में 300 मिलीलीटर शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 135 लीटर आंकी गई।

संयुक्त टीम ने करीब रात 8:30 बजे बरामद शराब को नियमानुसार जब्त कर लिया। इसके बाद अवैध नेपाली शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी बहुवार को सुपुर्द कर दिया गया।

कार्रवाई में एसएसबी की ओर से निरीक्षक अरुण पाण्डेय, आरक्षी रामा साहनी, आरक्षी यादवेंद्र प्रताप मिश्रा तथा मुख्य आरक्षी चालक दुर्विजय नाथ शामिल रहे। वहीं पुलिस चौकी बहुआर की ओर से चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज गुप्ता, आरक्षी आनंद और आरक्षी शुभम ने संयुक्त कार्रवाई में शामिल रहे।

एसएसबी के ए समवाय प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी और संयुक्त गश्त लगातार जारी है।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!