00:00:00 AM
होम

आबादी के बीच पहुंचा तेंदुआ, कुत्तों के भौंकने पर सागौन बगीचे की ओर भागा

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 30 Aug 2026, 06:32 AM 35 व्यूज
Main News Image

निचलौल/महराजगंज। सोहगीबरवा वन्य प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत ग्राम बैदौली के नेपाली टोला में शनिवार रात करीब नौ बजे एक तेंदुआ आबादी के बीच पहुंच गया। तेंदुआ हरिकेश गुप्ता के घर के पास पहुंचा तो आसपास मौजूद कुत्ते जोर-जोर से भौंकने लगे। कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर पास में नहा रहे उनके छोटे भाई गावस्कर गुप्ता बाहर निकले। सामने तेंदुए को देखकर वह कुछ देर के लिए सन्न रह गए।

News Image

कुत्तों के लगातार भौंकने पर तेंदुआ वहां से पीछे की ओर स्थित सागौन के बगीचे की तरफ चला गया। तेंदुए के आबादी के बीच पहुंचने की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरती।

पेशे से इंजीनियर हरिकेश गुप्ता ने बताया कि उनके घर के पीछे तालाब और सागौन का बगीचा है। इसी रास्ते से तेंदुआ आबादी की ओर आया था। तेंदुए के घर के पास पहुंचने की पूरी घटना घर के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ घर के पीछे से गुजरता दिखाई दे रहा है।

हरिकेश गुप्ता के अनुसार, इससे पहले भी एक बार तेंदुआ उनके घर के आसपास पहुंच चुका है। उस दौरान तेंदुए ने एक कुत्ते पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। बार-बार तेंदुए के आबादी क्षेत्र में आने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

वन क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार राव ने बताया कि तेंदुआ आने की सूचना मिली है। क्षेत्र के समीप जंगल होने के कारण भोजन की तलाश में तेंदुए आबादी क्षेत्र में आ-जा रहे हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने के साथ ही जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से रात के समय अकेले बाहर न निकलने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे घेरने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!