00:00:00 AM
होम

गौसदन से रात में सामान ले जाने पर ग्रामीणों ने रोका ई-रिक्शा, हंगामा मदनपुरा में ग्राम प्रधान पर सामान चोरी कर ले जाने का आरोप, पुलिस ई-रिक्शा व सामान समेत प्रधान को थाने ले गई

ब्यूरो कार्यालय महराजगंज प्रभात लाइव महराजगंज 31 Aug 2026, 02:29 AM 81 व्यूज
Main News Image

निचलौल/महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव स्थित गौसदन से रविवार रात ई-रिक्शा पर चारा मशीन, पंपसेट, बोरे समेत अन्य सामान ले जाने को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने गांव के बाहर ई-रिक्शा को रोककर सामान ले जाने का कारण पूछा और ग्राम प्रधान पर गौसदन से सामान चोरी कर रात के अंधेरे में ले जाने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ई-रिक्शा पर लदे सामान और ग्राम प्रधान को थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

News Image

ग्रामीणों के अनुसार रविवार रात गौसदन में रखा चारा मशीन, पंपसेट, बोरे समेत अन्य सामान एक ई-रिक्शा पर लादकर ले जाया जा रहा था। रात के समय गौसदन से सामान बाहर निकलते देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गांव के बाहर ई-रिक्शा को रोक लिया। इसके बाद सामान ले जाने को लेकर ग्रामीणों और ग्राम प्रधान के बीच कहासुनी होने लगी। मामला बढ़ने पर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि गौसदन से सामान को रात के अंधेरे में चोरी-छिपे घर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि करीब एक सप्ताह पहले गौसदन से सोलर पैनल चोरी होने की घटना सामने आई थी। ऐसे में रात में दोबारा सामान ले जाने की जानकारी से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने तथा गौसदन से सामान ले जाने के कारण का पता लगाने की मांग की है।

हंगामे की सूचना मिलने पर निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ई-रिक्शा को सामान समेत कब्जे में लिया और ग्राम प्रधान को भी थाने ले गई। पुलिस द्वारा ग्राम प्रधान से सामान ले जाने के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

इस संबंध में निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि गौसदन से सामान ले जा रही ई-रिक्शा और ग्राम प्रधान को कब्जे में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गौसदन से सामान किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था और पूर्व में हुई सोलर पैनल चोरी की घटना से इसका कोई संबंध है या नहीं।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!