00:00:00 AM
होम

चार राउंड हवाई फायरिंग के बाद 158 ग्राम ब्राउन हेरोइन के साथ दो भारतीय गिरफ्तार बाइक सवार युवकों ने भागने का किया प्रयास, नेपाल पुलिस ने हवाई फायरिंग कर दबोचा

ब्यूरो कार्यालय महराजगंज प्रभात लाइव महराजगंज 31 Aug 2026, 03:48 PM 137 व्यूज
Main News Image

महराजगंज। नेपाल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान नेपाल पुलिस ने 158 ग्राम ब्राउन हेरोइन के साथ दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे और पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग कर दोनों को नियंत्रित किया।

News Image

नेपाल के लागू औषध नियन्त्रण ब्यूरो, कोटेश्वर, काठमांडू की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत से प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन हेरोइन खरीदकर लुंबिनी प्रदेश के विभिन्न जिलों में बिक्री करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में नेपाल पुलिस की टीम ने नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता पश्चिम) जिले के रामग्राम नगरपालिका क्षेत्र में भारतीय नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, रोकने पर दोनों संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को पकड़कर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 158 ग्राम ब्राउन हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के महराजगंज निवासी 33 वर्षीय गिरिजेश श्रीवास्तव और निचलौल निवासी 27 वर्षीय दीपक श्रीवास्तव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 158 ग्राम ब्राउन हेरोइन के अलावा दो मोबाइल फोन और भारतीय नंबर यूपी 56 एएच 6189 वाली मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

नेपाल पुलिस ने दोनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई और आगे की अनुसंधान प्रक्रिया के लिए जिला पुलिस कार्यालय, नवलपरासी (बर्दघाट सुस्ता पश्चिम) को सौंप दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!