महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के रुद्रपुर शिवनाथ और पिपरा गांव के बीच बुधवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार पांचों लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग रुद्रपुर शिवनाथ गांव में सफी मोहम्मद पुत्र ताज मुल्लाह की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बारात सोनौली क्षेत्र के सोना बन्नी के पास से आई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन का नियंत्रण खोना या स्टीयरिंग में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी पांचों लोग सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते लोगों की मदद और कार की रफ्तार अपेक्षाकृत कम होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!