महराजगंज/कुशीनगर। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद नारायणी नदी के तेज बहाव में बहकर कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र में पहुंचे चार शवों को मंगलवार को आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। बरामद शवों में तीन महिलाओं और एक पुरुष का शव शामिल है।
नारायणी नदी के ठोकर नंबर-3 स्थित मदनपुर सुकरौली क्षेत्र में नेपाल से बहकर आए इन शवों के मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान समेत अन्य आवश्यक प्रक्रिया शुरू कराई। संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मंगलवार को चारों शव नेपाल पुलिस के हवाले कर दिए गए।
शवों की सुपुर्दगी के दौरान भारत और नेपाल के अधिकारियों की मौजूदगी रही। नेपाल पुलिस की ओर से महेशपुर प्रहरी के इंस्पेक्टर सुबराज बोम मौजूद रहे। वहीं कुशीनगर के अतिरिक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम विवेक शील, एसआई केशनाथ यादव, खड्डा थाना के एसएसआई गंगाराम यादव, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट हेमंत कुमार तथा ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित सिंह मौके पर उपस्थित रहे।
अधिकारियों की मौजूदगी में शवों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत नेपाल पुलिस को सौंपने की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद नेपाल पुलिस चारों शवों को अपने साथ ले गई, जहां नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नेपाल में आई भीषण जल प्रलय के बाद नारायणी नदी समेत अन्य नदियों में जलस्तर और बहाव बढ़ने से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। तेज बहाव में लोगों के बहने की घटनाओं के बीच सीमा क्षेत्र में नदी के रास्ते दूसरे देश से शवों के पहुंचने से दोनों देशों के प्रशासन के सामने उनकी पहचान और सुरक्षित सुपुर्दगी की चुनौती बनी हुई है।
चारों शव नेपाल पुलिस को सौंपे जाने के बाद अब नेपाल में संबंधित स्तर से उनके संबंध में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!