निचलौल/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ग्राम शीतलापुर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 280 किलोग्राम तृतीय देशीय कद्दू बीज और 812 किलोग्राम चाइनीज लहसुन बरामद कर जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसबी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को आसूचना शाखा को सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 502 से करीब 600 मीटर भारत की ओर स्थित ग्राम शीतलापुर में नेपाल के रास्ते तस्करी कर लाए गए तृतीय देशीय कद्दू बीज और चाइनीज लहसुन का अवैध रूप से भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर समवाय प्रभारी झूलनीपुर, निरीक्षक (सा.) शिव पूजन प्रसाद ने नायब तहसीलदार निचलौल पीयूष जायसवाल तथा स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल के नेतृत्व में एसएसबी, स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने 3 सितंबर को करीब तीन बजे ग्राम शीतलापुर में संदिग्ध व्यक्तियों के आवास पर नियमानुसार तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान उमेश पाल पुत्र चन्द्र पाल और संतोष पुत्र रामवृक्ष, दोनों निवासी ग्राम शीतलापुर, थाना निचलौल, जनपद महराजगंज के आवास से सात बोरियों में 40-40 किलोग्राम के हिसाब से कुल 280 किलोग्राम तृतीय देशीय कद्दू बीज तथा 29 बोरियों में 28-28 किलोग्राम के हिसाब से कुल 812 किलोग्राम चाइनीज लहसुन बरामद हुआ।
संयुक्त टीम ने बरामद सामग्री को मौके पर नियमानुसार जब्त कर लिया तथा दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामग्री और गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई संबंधित विभाग एवं थाना स्तर से की जा रही है।
कार्रवाई में एसएसबी के निरीक्षक (सा.) शिव पूजन प्रसाद, उप निरीक्षक (सा.) रविन्द्र कुमार यादव, आरक्षी संदीप कुमार, ठोकल सचिन, देवेन्द्र सिंह, प्रेम सिंह तथा चालक रमेश कुमार शामिल रहे। वहीं पुलिस चौकी रेंगहिया से उप निरीक्षक सूरज तिवारी, आरक्षी संतोष गोंड और अजीत यादव के साथ राजस्व विभाग के तीन कर्मचारी कार्रवाई में शामिल रहे।
एसएसबी के समवाय प्रभारी निरीक्षक (सा.) शिव पूजन प्रसाद ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!