निचलौल (महराजगंज)। नगर निचलौल स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की मनोहारी झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की आरती और पूजन के साथ हुआ। इसके बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। इस दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
बच्चों ने डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके अलावा “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “मेरे बांके बिहारी लाल, इतना मत करियो श्रृंगार, नजर तुझे लग जाएगी” जैसे भक्ति गीतों पर बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संयोजित करने में प्रजिला मनु, मुस्कान अग्रवाल और जया शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य ए. ब्रिटो ने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, कर्म, सत्य और धर्म का संदेश देता है।
विद्यालय के प्रबंधक जीएन त्रिपाठी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के जीवन से हमें कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की सीख मिलती है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!