महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी पोखरा टोला में शनिवार भोर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कमरे में बेड पर सो रहे मां-बेटे को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। हादसे में 11 वर्षीय अर्पित की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सुगंधा की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि शनिवार भोर करैत सांप खिड़की के सहारे कमरे में दाखिल हुआ और बेड पर गिर पड़ा। उस समय अर्पित और उसकी मां सुगंधा बेड पर सो रहे थे। सांप ने सबसे पहले अर्पित के हाथ में डस लिया। जहर का असर होते ही बच्चे ने चीखना शुरू कर दिया। बेटे की आवाज सुनकर सुगंधा की नींद खुल गई।
सुगंधा ने कमरे की लाइट जलाई तो चादर में छिपे सांप ने उनके गाल पर भी डस लिया। मां-बेटे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों को आनन-फानन में महराजगंज जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अर्पित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सुगंधा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हेलमेट के फोम में छिपा मिला करैत
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन्यजीव रक्षक रामबचन साहनी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे की तलाशी शुरू की तो जहरीला करैत हेलमेट के फोम में छिपा मिला। वन्यजीव रक्षकों ने सावधानीपूर्वक सांप को रेस्क्यू किया और बाद में उसे सुरक्षित प्राकृतिक स्थान पर छोड़ दिया।
झाड़-फूंक के लिए शव ले गए परिजन
उधर, अर्पित के जिंदा होने की उम्मीद में परिजन उसके शव को झाड़-फूंक कराने के लिए गाजीपुर स्थित अमवा सती माता मंदिर ले गए। घटना के बाद कृष्ण मुरारी यादव के परिवार में मातम पसरा हुआ है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!