00:00:00 AM
होम

लिंटर की प्लाई उतारते समय हाईटेंशन लाइन से टकराई लोहे की छड़, दो मजदूर गंभीर

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 06 Sep 2026, 11:06 AM 24 व्यूज
Main News Image

(निचलौल) महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में रविवार को मकान निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लिंटर की प्लाई उतारते समय लोहे की छड़ मकान के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन से टकरा गई। करंट की चपेट में आने से काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर खुर्द गांव निवासी जमीरूद्दीन के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार को मजदूर लिंटर की प्लाई उतारने का काम कर रहे थे। इसी दौरान प्लाई हटाने के लिए लोहे की छड़ का इस्तेमाल किया जा रहा था। काम करते समय लोहे की छड़ अनजाने में मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। लाइन से छड़ के टकराते ही उसमें विद्युत प्रवाह हो गया और वहां काम कर रहे राजेश (28) तथा नंदन (26) करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

अचानक हुए हादसे से निर्माण स्थल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सावधानीपूर्वक दोनों मजदूरों को वहां से हटाया और आनन-फानन में इलाज के लिए सीएचसी निचलौल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि मकान और निर्माण स्थलों के आसपास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!