प्रभात लाइव, महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार पुलिस चौकी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने तत्काल संज्ञान लिया और पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश क्षेत्राधिकारी निचलौल को दिए।
प्राथमिक जांच में अनुशासनहीनता एवं पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही सामने आने पर एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अड्डा बाजार चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबित पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक अखिलेश यादव (चौकी प्रभारी अड्डा बाजार), उपनिरीक्षक विकास कुमार गौड़, कांस्टेबल प्रभार गौड़, कांस्टेबल अभिमन्यु खरवार, कांस्टेबल रामकृत यादव और कांस्टेबल प्रशांत कुमार शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों द्वारा ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता या पदीय जिम्मेदारियों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वायरल वीडियो के संबंध में क्षेत्राधिकारी निचलौल द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी की त्वरित कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रभात लाइव | महराजगंज
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!