00:00:00 AM
होम

जमीन बंटवारे के विवाद में लाइसेंसी बंदूक लेकर चौकी पहुंची युवती, पुलिसकर्मियों के उड़े होश

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 07 Sep 2026, 12:52 PM 43 व्यूज
Main News Image

महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद सोमवार को अचानक गंभीर हो गया। परिवार में मारपीट के आरोपों के बाद एक युवती हाथ में लाइसेंसी बंदूक लेकर परतावल पुलिस चौकी पहुंच गई। चौकी परिसर में बंदूक के साथ युवती को देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। कुछ देर के लिए चौकी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

News Image

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे युवती रोते-बिलखते हुए लाइसेंसी बंदूक लेकर चौकी पहुंची। वहां पहुंचते ही उसने पुलिसकर्मियों से न्याय की गुहार लगाई। युवती का आरोप था कि जमीन के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है और इसी विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई।

हाथ में बंदूक होने के कारण पुलिसकर्मियों ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। सुरक्षा के मद्देनजर युवती से बंदूक अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया गया, लेकिन शुरुआत में उसने बंदूक देने से इनकार कर दिया। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिसकर्मियों ने संयम बरतते हुए युवती को समझाने का प्रयास किया।

घटना की जानकारी मिलते ही परतावल चौकी पुलिस के साथ डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवती से बातचीत की और उसे शांत कराया। इसके बाद उसे चौकी पर बैठाया गया। पुलिस ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी चौकी बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली।

ग्रामीणों के मुताबिक, परिवार में जमीन के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। सोमवार को विवाद बढ़ने के बाद मारपीट की स्थिति उत्पन्न हुई। इसी से आहत होकर युवती लाइसेंसी बंदूक लेकर पुलिस चौकी पहुंच गई।

परतावल चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि मामला पारिवारिक और जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!