00:00:00 AM
होम

तस्करों की मंशा पर फिरा पानी, एसएसबी ने जब्त किया 72 बोरी चाइनीज लहसुन

ब्यूरो कार्यालय महराजगंज प्रभात लाइव महराजगंज 09 Sep 2026, 08:47 AM 117 व्यूज
Main News Image

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी की पथलहवा बीओपी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद किया है। खेत में बनी झोपड़ी के अंदर छिपाकर रखे गए लहसुन को तस्कर पिकअप के जरिए दूसरे स्थान पर भेजने की तैयारी में थे। इससे पहले ही एसएसबी जवानों ने उनकी मंशा पर पानी फेर दिया।

जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के करमिसवा टोला तिलबारी गांव के बाहर खेत में भारत-नेपाल सीमा से करीब 500 मीटर की दूरी पर चाइनीज लहसुन छिपाकर रखे जाने की सूचना एसएसबी को मुखबिर के जरिए मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पथलहवा बीओपी की टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

जवानों ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर खेत और आसपास के इलाके की तलाशी ली। इस दौरान खेत में बनी एक झोपड़ी के अंदर बड़ी संख्या में बोरियां छिपाकर रखी मिलीं। जांच करने पर सभी बोरियों में चाइनीज लहसुन भरा पाया गया। कुल 72 बोरियों में प्रत्येक में 20 किलोग्राम लहसुन था। बरामद लहसुन का कुल वजन 1,440 किलोग्राम यानी 14.40 क्विंटल बताया गया।

एसएसबी जवानों की गतिविधि की भनक लगते ही मौके पर मौजूद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जवानों ने आसपास के खेतों और संभावित रास्तों पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

सहायक कमांडेंट संदीप सिंह ने बताया कि बरामद चाइनीज लहसुन को जब्त कर लिया गया है। मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सीमा क्षेत्र में तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी और गश्त लगातार जारी है।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!