प्रभात लाइव, महराजगंज। सीमावर्ती क्षेत्र में नागरिक कल्याण एवं सामाजिक उत्थान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज द्वारा आयोजित 21 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को वंश बहादुर इंटर कॉलेज, बहुआर कला-झुलनीपुर में समापन हुआ। समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र एवं सिलाई किट वितरित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 22वीं वाहिनी एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट नरेश कुमार जांगिड़ रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रशिक्षुओं को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट ने कहा कि कौशल विकास प्रशिक्षण का उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं एवं युवाओं को रोजगारपरक हुनर देकर आत्मनिर्भर बनाना है। सिलाई प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं घर से स्वरोजगार शुरू कर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं।
पंचायत भवनों को टेबल-कुर्सी और कूड़ेदान
समारोह के दौरान वाइब्रेंट विलेज भेड़िहारी एवं बहुवार खुर्द के पंचायत भवनों के लिए टेबल, कुर्सी एवं कूड़ेदान भी प्रदान किए गए। एसएसबी के इस प्रयास का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ गांवों में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था को बढ़ावा देना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में तहसीलदार निचलौल पीयूष जायसवाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य ईश्वर शरण दास, ग्राम प्रधान भेड़िहारी दुष्यन्त सिंह, ग्राम प्रधान बहुआर खुर्द श्याम सुंदर, ग्राम प्रधान मटरा पन्नालाल सहित एसएसबी के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, पत्रकार, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने एसएसबी के जनकल्याणकारी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सीमावर्ती जनता और सुरक्षा बल के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं सौहार्द और मजबूत होता है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!