ठूठीबारी/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी के सामने नेपाल के भूजहवा क्षेत्र में करीब 1.14 करोड़ रुपये मूल्य के मोबाइल सामान और पिकअप वाहन की बरामदगी के बाद सीमा क्षेत्र में तस्करी नेटवर्क को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।
नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में मोबाइल एयरपॉड्स, टेम्पर्ड ग्लास, मोबाइल कवर सहित अन्य सामान बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक वाहन लॉक कर मौके से फरार हो गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी से सटे सीमा क्षेत्र से इतनी बड़ी मात्रा में सामान नेपाल तक कैसे पहुंच गया? क्या भारतीय क्षेत्र में तैनात पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी व्यवस्था इतनी कमजोर है कि तस्कर लगातार सीमा पार कर रहे हैं, या फिर इस पूरे नेटवर्क को कहीं न कहीं संरक्षण मिल रहा है?
स्थानीय स्तर पर तस्करी के धंधे में पुलिसिया मिलीभगत के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि सीमा क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण तस्करों के हौसले बढ़े हुए हैं और पिकअप वाहनों के जरिए बड़े पैमाने पर सामान सीमा पार भेजा जा रहा है।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में सबसे अहम सवाल यह है कि क्या भारतीय सुरक्षा एजेंसियां इस बरामदगी को लेकर अपने स्तर से जांच करेंगी और यह पता लगाएंगी कि इतनी बड़ी खेप भारतीय सीमा से होकर नेपाल तक कैसे पहुंची?
लगातार हो रही बरामदगियों के बीच अब सीमा सुरक्षा तंत्र की भूमिका और तस्करी नेटवर्क से संभावित मिलीभगत की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
प्रभात लाइव
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!