जिलेभर में चला विशेष अभियान, सैकड़ों वाहनों के चालान और सीज होने से हड़कंप
प्रभात लाइव,महराजगंज। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के मामलों को लेकर महराजगंज पुलिस ने जिलेभर में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए स्कूली बच्चों के दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को थानों में लाया गया। बड़ी संख्या में वाहनों के चालान और सीज किए जाने से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के बाद कई स्थानों पर स्कूली ड्रेस में छात्र-छात्राएं अपने वाहनों के संबंध में जानकारी लेने और उन्हें छुड़ाने के लिए थानों पर पहुंचते दिखाई दिए। पुलिस की सख्ती के बाद अभिभावकों में भी बच्चों को दोपहिया वाहन देने को लेकर चिंता बढ़ी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, यातायात नियमों की अनदेखी और इससे होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। पुलिस की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बताया गया कि पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के आदेश पर जिलेभर में अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन न दें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
अभिभावकों के लिए भी सख्त संदेश
बच्चों को दोपहिया वाहन देने से पहले सोचें—एक गलती दुर्घटना का कारण बन सकती है। पुलिस ने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन न देने और यातायात नियमों का पालन कराने की अपील की है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!