प्रभात लाइव, निचलौल (महराजगंज)। निचलौल थाना क्षेत्र के बरगदही गांव के पास शनिवार सुबह खेत किनारे सागौन के पेड़ से मफलर के सहारे युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव की स्थिति को लेकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बताया गया कि युवक के दोनों पैर जमीन पर टिके हुए थे। घटनास्थल के पास एक बाइक भी मिली है।
सुबह खेत की ओर जा रहे लोगों ने पेड़ से शव लटका देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल के आसपास जांच-पड़ताल की। पुलिस ने मौके से मिले तथ्यों और बाइक समेत अन्य पहलुओं को जांच में शामिल किया है।
मृतक की पहचान अरुण राजभर (28) पुत्र रामप्रसाद राजभर, निवासी कोहड़वल टोला सिसवा डीह के रूप में हुई है। शव की स्थिति और घटनास्थल से जुड़े कुछ बिंदुओं को लेकर ग्रामीणों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए अन्य संभावनाओं की भी जांच किए जाने की बात कही है। हालांकि, हत्या या आत्महत्या को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!