प्रभात लाइव, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के तुलसीपुर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दसवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर शिवाला निवासी हेमंत प्रजापति सोमवार को अपनी मां राजवंता को लेकर किसी जरूरी काम से भिटौली गया था। मां को भिटौली छोड़ने के बाद हेमंत अपनी चाची के मायके जोगिया जाने के लिए बाइक से निकला था। वह धर्मपुर चौराहे से होते हुए तुलसीपुर पतली नहर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज बताई जा रही है कि बिजली का पोल भी टूटकर जमीन पर गिर गया। हादसे में हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची भिटौली पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को सीएचसी परतावल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार तेज थी, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। हेमंत दो भाइयों में बड़ा था और अभी दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता लक्ष्मण परिवार की रोजी-रोटी के लिए गुजरात में काम करते हैं।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां राजवंता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों का कहना है कि हेमंत की मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!