निचलौल (प्रभात लाइव)। सावन माह के प्रथम दिन गुरुवार को निचलौल तहसील क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर, इटहिया में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजने लगे। हजारों की संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पुरुषों, महिलाओं, बच्चों और युवाओं सहित बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने भी पवित्र जल अर्पित कर भगवान शिव की आराधना की। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर का वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पुलिस बल तैनात रहा और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
मंदिर के पुजारी ध्यान गिरी व मुन्ना गिरी ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व होता है। ऐसी मान्यता है कि इस पवित्र माह में श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक करने से भगवान शिव भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा और पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में डूबा रहा।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!