महराजगंज। अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी रोकथाम दिवस के अवसर पर गुरुवार को भारत-नेपाल सीमा स्थित ठूठीबारी में मानव सेवा संस्थान के तत्वावधान में जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। एसएसबी कैंप ठूठीबारी से निकली रैली को सहायक कमांडेंट हेमंत कुमार तथा ठूठीबारी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मानव सेवा संस्थान के क्लस्टर हेड बरुण मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित रैली में एसएसबी के जवान, पुलिसकर्मी, महिला कांस्टेबल, संस्था के पदाधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली ठूठीबारी बाजार के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां प्रतिभागियों ने हाथों में मानव तस्करी विरोधी संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया।
रैली के दौरान बच्चों ने "हम सबने यह ठाना है, मानव व्यापार मिटाना है", "शिक्षा, सेहत और दुलार, बच्चों का है यह अधिकार", "नारी शक्ति को पहचान दो, बराबरी का सम्मान दो" तथा "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" जैसे प्रेरक नारे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है और इसकी रोकथाम प्रशासन के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में मानव सेवा संस्थान की अंजलि मिश्रा, गौरी चौधरी, अक्षत चौधरी, नेहा गौतम, मधु गौतम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। एसएसबी की ओर से एएसआई नरेश कुमार, एएसआई गणेश दास, हेड कांस्टेबल अजय जी डोंगरे, कांस्टेबल दिलीप कुमार, कांस्टेबल चंदन मिश्रा तथा महिला कांस्टेबल पिंकी कुमारी सहित पुलिस एवं एसएसबी के जवानों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य मानव तस्करी के प्रति आमजन को जागरूक कर बच्चों, महिलाओं और कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए समाज को एकजुट करना था।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!