महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर खाद तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी जवानों ने भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 531/22 के पास भारतीय क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नेपाल तस्करी के लिए ले जाई जा रही यूरिया खाद की बड़ी खेप बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, तस्कर पिकअप वाहन में यूरिया खाद को छिपाकर पगडंडी मार्ग के रास्ते अवैध रूप से नेपाल ले जाने की फिराक में था। सीमा पार कर खाद को नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी, लेकिन एसएसबी की सतर्कता के चलते उसका मंसूबा नाकाम हो गया।
एसएसबी जवानों ने संदिग्ध पिकअप वाहन की जांच के दौरान उसमें छिपाकर रखी गई यूरिया खाद बरामद कर ली और मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बरामद खाद, पिकअप वाहन तथा गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया।
सीमा क्षेत्र में खाद की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी लगातार अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी और गश्त को और सख्त किया गया है, ताकि आवश्यक वस्तुओं की अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!