00:00:00 AM
होम

एसएसबी जवानों ने दिखाई मानवता, सड़क हादसे में घायल युवक की बचाई जान

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 30 Jul 2026, 10:54 AM 157 व्यूज
Main News Image

महराजगंज। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) महराजगंज के ई समवाय बरगदवा के जवानों ने त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को नाले से सुरक्षित निकालकर समय पर अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:25 बजे बरगदवा बाजार निवासी 25 वर्षीय विपिन तिवारी पुत्र श्रीनिवास तिवारी अपनी मोटरसाइकिल (UP 56 BJ 5621) से बरगदवा से ग्राम झींगटी की ओर जा रहे थे। सीमा चौकी झींगटी के नाका प्वाइंट महावनाला के पास स्थित पुलिया पर अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे वह नाले में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सीमा चौकी झींगटी प्रभारी उप निरीक्षक (सामान्य) हरिलाल, मुख्य आरक्षी उपेंद्र कुमार पाण्डेय एवं आरक्षी राम प्रीत पाण्डेय सरकारी वाहन से तत्काल मौके पर पहुंचे। साथ ही बरगदवा थाना पुलिस को भी सूचना दी गई।

एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को नाले से सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे अर्नव हॉस्पिटल, बरगदवा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दुर्घटना में युवक के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

एसएसबी की इस त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की और जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया। जवानों की सतर्कता और समय पर की गई मदद से घायल को शीघ्र उपचार मिल सका, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!