00:00:00 AM
होम

मिश्रौलिया सिवान में मृत मिला नर तेंदुआ, गांव में मचा हड़कंप; वन विभाग ने शुरू की जांच

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 01 Aug 2026, 04:17 AM 41 व्यूज
Main News Image

महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत निचलौल रेंज के ग्राम मिश्रौलिया में शनिवार सुबह एक नर तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। तेंदुए की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार शनिवार को सुबह में गांव की महिलाएं पश्चिम दिशा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान राजवंशी के गन्ने के खेत के पास चकरोड पर उन्हें तेंदुए का शव पड़ा दिखाई दिया। शव देखते ही महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार रात गांव के आसपास तेंदुओं की लगातार दहाड़ सुनाई दे रही थी। उनका अनुमान है कि रात में तेंदुओं के बीच संघर्ष हुआ, जिसमें एक नर तेंदुए की मौत हो गई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि आसपास के गन्ने के खेतों में एक अन्य तेंदुआ अपने शावकों के साथ मौजूद होने की आशंका है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलने पर क्षेत्रीय वनाधिकारी निचलौल सुनील कुमार राव मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी और पूरे मामले की जांच शुरू करा दी। वन विभाग की टीम आसपास के क्षेत्र में निगरानी भी कर रही है ताकि किसी संभावित खतरे से ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया तेंदुए की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी निचलौल रेंज क्षेत्र में तेंदुओं की मौत के कई मामले सामने आए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है और वन्यजीव संरक्षण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!