महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में अवैध रूप से डंप किया गया भारी मात्रा में भारतीय यूरिया खाद, कपड़ा और फ्लेवर्ड हुक्का बरामद किया है। बरामद सामान की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के मार्गदर्शन में शनिवार को मुखबिर की सूचना पर नौतनवा पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर राजस्व विभाग को सूचना देकर नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव को बुलाया गया। जांच के बाद बरामद सामान को कब्जे में लेकर कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक किलोग्राम के 324 पैकेट, 500 ग्राम के 12 पैकेट और 250 ग्राम के 528 पैकेट फ्लेवर्ड हुक्का, भारतीय यूरिया खाद की 9 बोरियां, तथा कपड़े के 2 बड़े और 3 छोटे गठ्ठर बरामद किए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह सामान नेपाल तस्करी के लिए जमा किया गया था।
इस संयुक्त कार्रवाई में नौतनवा पुलिस के साथ राजस्व विभाग और एसएसबी की टीम भी मौजूद रही। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत दुबे, महिला उपनिरीक्षक अनामिका चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव तथा एसएसबी की ओर से एसआई दीपक कर्माकर और उनकी टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीमा क्षेत्र में तस्करी के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!