महराजगंज। जिले के फरेंदा वन रेंज की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदी एक पिकअप और एक ई-रिक्शा को कब्जे में लिया। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
वन विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह नियमित गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध लकड़ी को आरा मशीन तक ले जाया जा रहा है। सूचना पर डिप्टी रेंजर अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर वाहनों को रोक लिया। इस दौरान आरोपियों ने वन विभाग की गाड़ी को ओवरटेक कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम की सतर्कता से उनकी कोशिश विफल हो गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने फरार साथियों के नाम भी बताएं। वन विभाग का कहना है कि सभी आरोपी नशे की हालत में थे। मौके से एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।
वन विभाग ने बताया कि बरामद पिकअप का पंजीकरण नंबर UP 56 BT 3635 है। वाहन के वास्तविक मालिक की पहचान की जा रही है। मामले में भारतीय वन अधिनियम की धारा 26 एवं 42 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में डिप्टी रेंजर अरुण कुमार और वन दरोगा अनिल सिंह की प्रमुख भूमिका रही। फरेंदा वन रेंज की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय अवैध लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
#forest #Prabhatlive
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!