00:00:00 AM
होम

नवलपरासी उद्योग वाणिज्य संघ को मिला नया नेतृत्व, नागेंद्र अग्रहरी बने अध्यक्ष; सदस्यों के लिए ₹1 लाख दुर्घटना बीमा की घोषणा

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 02 Aug 2026, 09:55 AM 123 व्यूज
Main News Image

महराजगंज/नवलपरासी, प्रभात लाइव।

News Image

नेपाल के नवलपरासी उद्योग वाणिज्य संघ की 40वीं वार्षिक साधारण सभा एवं 16वें अधिवेशन के अंतर्गत आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में नागेंद्र अग्रहरी ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल ली। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने व्यापारियों और उद्योगपतियों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए संघ के सभी सदस्यों के लिए एक लाख नेपाली रुपये के दुर्घटना बीमा की घोषणा की। यह योजना चालू आर्थिक वर्ष से लागू होगी तथा भविष्य में बीमा राशि को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाने का भी आश्वासन दिया गया।

News Image

अपने संबोधन में अध्यक्ष नागेंद्र अग्रहरी ने कहा कि वर्तमान में संघ से लगभग 580 उद्योगपति और व्यवसायी जुड़े हुए हैं। दुर्घटना बीमा जैसी कल्याणकारी योजना से अधिक से अधिक व्यापारी संघ से जुड़ेंगे और संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने जिले के आर्थिक विकास को गति देने के लिए विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया।

News Image

नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ के कार्यवाहक अध्यक्ष श्रीकृष्ण वैद्य ने कहा कि सरकार की लगातार बदलती नीतियों और प्रशासनिक सख्ती के कारण उद्योगपति एवं व्यापारी असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से व्यवहारिक और लागू किए जा सकने वाले कानून बनाने की अपील की।

महासंघ के उपाध्यक्ष नरेशराज श्रेष्ठ और कृष्णप्रसाद शर्मा ने भी सरकार की आर्थिक नीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था उद्योगों को प्रोत्साहन देने के बजाय दंडात्मक कार्रवाई और जुर्माने पर अधिक केंद्रित दिखाई देती है। उन्होंने उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र को अपेक्षित सरकारी सहयोग देने की मांग की।

संघ के निवर्तमान अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रहरी ने बताया कि नवलपरासी जिले के उद्योगों से सरकार को प्रतिवर्ष करीब नौ अरब नेपाली रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन जिले में राजस्व कार्यालय नहीं होने से इस योगदान का समुचित मूल्यांकन नहीं हो पाता। उन्होंने सरकार से नवलपरासी में शीघ्र राजस्व कार्यालय स्थापित करने की मांग की।

कार्यक्रम में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में व्यापार संचालन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने सीमा क्षेत्र के व्यापार को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इस अवसर पर तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए 22 सदस्यीय नई कार्यसमिति ने भी विधिवत पदभार ग्रहण किया। समारोह में बड़ी संख्या में उद्योगपति, व्यापारी, सामाजिक प्रतिनिधि एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!