महराजगंज। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र स्थित मीराबाई नगर वार्ड संख्या-25 के पोखरा टोला में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव के चार बच्चे—राजबीर (13 वर्ष) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14 वर्ष) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13 वर्ष) पुत्र रामलखन तथा कृष्णा रौनियार (15 वर्ष) पुत्र कबूतर रौनियार—रविवार को निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। नहाने के दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घटना को देख राजबीर घबराकर घर पहुंचा और परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकाला गया। गंभीर अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन पोखरे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!