ठूठीबारी-रामनगर तिराहे से चंदन नदी श्मशान घाट मार्ग पर ईंट डलवाकर आवागमन कराया सुगम
महराजगंज। ठूठीबारी-रामनगर तिराहे से चंदन नदी श्मशान घाट तक जाने वाला सड़क मार्ग लगातार हो रही बारिश के कारण गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया था। सड़क की बदहाल स्थिति से राहगीरों के साथ-साथ श्मशान घाट जाने वाले लोगों, बिजली पावर हाउस के कर्मचारियों तथा बैरिहवा और पियारीडीह गांव के ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या की जानकारी मिलने पर समाजसेवी अजय शंकर सिंह उर्फ लाली सिंह ने जनहित में पहल करते हुए अपने निजी स्तर पर सड़क के गड्ढों में ईंट डलवाकर मार्ग को आवागमन योग्य बनवाया। इसके बाद सड़क पर आवाजाही पहले की अपेक्षा काफी सुगम हो गई, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली।
क्षेत्रवासियों ने समाजसेवी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई थी। ऐसे समय में बिना किसी सरकारी सहायता की प्रतीक्षा किए जनहित में किया गया यह कार्य सराहनीय और प्रेरणादायक है। लोगों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग भी जल्द इस सड़क की स्थायी मरम्मत कराकर क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगा।
S