महराजगंज। सावन माह के पहले सोमवार को प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के करीब 2 बजे से ही मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से गूंज उठा। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, सिद्धार्थनगर समेत आसपास के जिलों के अलावा पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इटहिया धाम पहुंचे। भक्त अपने साथ गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री लेकर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में महिलाओं, युवाओं और कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। मंदिर परिसर एवं आसपास पुलिस बल तैनात रहा। बैरिकेडिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराया गया। वहीं मंदिर समिति और स्थानीय स्वयंसेवकों द्वारा पेयजल, प्रसाद तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई।
पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया की धार्मिक मान्यता दूर-दूर तक है। सावन के प्रत्येक सोमवार यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। पहले सोमवार के विशेष महत्व को देखते हुए इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में भक्तों ने बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन मंदिर परिसर शिवभक्ति के रंग में सराबोर रहा।
मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए निचलौल उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ कुमार गुप्ता, ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित सिंह, मेला प्रभारी बृजेश पाण्डेय, सोनौली थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार मिश्र, लेखपाल अजय कुमार कसौधन, अम्बरीष गुप्ता, राजन साईं, मंदिर के पुजारी मुन्ना गिरी, सत्यम गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं मंदिर समिति के सदस्य लगातार मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी और मंदिर समिति के सहयोग से श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन किया।
महादेव
हर हर महादेव