भारत-नेपाल सीमा से 200 मीटर पहले मर्चहवा हाट शेड के पीछे छापेमारी, तस्कर सामान छोड़कर फरार
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी, कस्टम विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल तस्करी के लिए जुटाई गई भारतीय निर्मित विदेशी शराब की खेप बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट ग्राम मर्चहवा स्थित हाट बाजार शेड के पीछे छापेमारी कर '999 पावर स्टार फाइन रम' की 280 बोतलें जब्त की गईं। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, 22वीं वाहिनी एसएसबी ठूठीबारी को गुप्त सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा के समीप बड़ी मात्रा में शराब तस्करी के उद्देश्य से एकत्र की गई है। सूचना मिलते ही सहायक कमांडेंट हेमंत कुमार, कस्टम विभाग के अधीक्षक सुभाष यादव तथा आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 200 मीटर पहले भारतीय क्षेत्र में स्थित मर्चहवा हाट बाजार शेड के पीछे घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान लावारिस हालत में रखे कार्टनों से चंडीगढ़ निर्मित '999 पावर स्टार फाइन रम' की 750 मिलीलीटर क्षमता वाली कुल 280 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल का अंकित मूल्य 250 रुपये बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बरामद शराब को अवैध रूप से नेपाल तस्करी के लिए एकत्र किया गया था। संयुक्त टीम ने जब्ती की सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद शराब को आबकारी विभाग के सुपुर्द कर दिया।
फिलहाल एसएसबी, कस्टम और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम फरार तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। सीमा क्षेत्र में तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संयुक्त अभियान लगातार जारी है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!