महराजगंज/फरेंदा। अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेंदा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने मौके पर लगभग 18 से 20 कुंतल लहन नष्ट कर दिया तथा एक पुरुष और तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम निरनाम पश्चिमी टोला नगेशरपुर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने में प्रयुक्त 60 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई, जबकि बड़ी मात्रा में तैयार लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में सिधवार निवासी शिवशंकर यादव उर्फ सिनक, नगेशरपुर निवासी कुसमावती और प्रमिला साहनी तथा गुदरीपुर निवासी मालती शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शिवशंकर यादव के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अलावा अन्य आपराधिक धाराओं में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कुसमावती और मालती के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत पूर्व से कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में उपनिरीक्षक गोविन्दर यादव, उपनिरीक्षक शैलेश सिंह, उपनिरीक्षक विजयशंकर यादव, उपनिरीक्षक कलीमुल्लाह खान, उपनिरीक्षक अमित कुमार मौर्य सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!