00:00:00 AM
होम

जर्जर सड़क से परेशान छात्रों का तहसील पर प्रदर्शन, एसडीएम के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 28 Jul 2026, 12:25 PM 30 व्यूज
Main News Image

कपिया पिपराकाजी होते हुए कोहडवल सरकारी अस्पताल तक जाने वाली सड़क के शीघ्र निर्माण की उठाई मांग

निचलौल तहसील चौराहे से कपिया पिपराकाजी होते हुए कोहडवल सरकारी अस्पताल तक जाने वाली जर्जर पिच सड़क के निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को छात्र-छात्राओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में छात्रों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई वर्षों से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त है, जिससे क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ प्रतिदिन स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण आवागमन और अधिक जोखिमभरा हो जाता है।

छात्रों और ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।

प्रदर्शन के बाद छात्रों ने उपजिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार अमित कुमार सिंह को सौंपा। ज्ञापन में कपिया पिपराकाजी से कोहडवल सरकारी अस्पताल तक सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की गई, ताकि क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!