ठूठीबारी/महराजगंज। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को राधा कुमारी इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेटों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को कृमि संक्रमण से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली को विद्यालय परिसर से रवाना किया गया, जो कस्बे के मुख्य मार्ग, ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग और झरही नदी बाईपास से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता पोस्टर लेकर तथा विभिन्न स्लोगन के माध्यम से लोगों को कृमि संक्रमण से बचाव का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने नियमित रूप से कृमिनाशक दवा लेने, हाथों की साफ-सफाई रखने, स्वच्छ भोजन एवं पानी का सेवन करने तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की। रैली के दौरान लोगों को बताया गया कि नियमित रूप से कृमिनाशक दवा का सेवन करने और स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाने से कृमि संक्रमण से बचाव किया जा सकता है।
रैली के विद्यालय परिसर में वापस पहुंचने के बाद बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में अल्बेंडाजोल की खुराक खिलाई गई। इस दौरान बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं तथा उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने के साथ ही उनके माध्यम से अभिभावकों और समाज के अन्य लोगों को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठूठीबारी तथा एसएसएएच सोशल वेलफेयर फाउंडेशन का सहयोग रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य रविकांत जाटव ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता और समय-समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन बेहद जरूरी है। इस मौके पर संतोष कुमार, रवींद्र यादव समेत विद्यालय के शिक्षक, एनसीसी कैडेट और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!