महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के पड़री कला गांव के पास सोमवार देर शाम ईटहिया मेले से दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और ट्रॉली में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक बच्ची घायल हुई है।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरिया गुरु गोविंद राय के रहने वाले हैं। सभी लोग ठूठीबारी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर ईटहिया में आयोजित मेले में दर्शन करने के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पड़री कला गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही चौक थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष पटेल पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। ट्रॉली में फंसे लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में एक बच्ची घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर भेजा गया।
सीएचसी जगदौर में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चौक थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक बच्ची घायल हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांति व्यवस्था कायम है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!