महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के रुदौली गांव के उत्तर दिशा स्थित सीवान में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने बिजली के टावर से एक युवक का शव फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रामकोकिल उर्फ दरोगा चौधरी के रूप में हुई है। वह बसंत चौधरी का पुत्र और दो भाइयों में छोटा था। परिजनों के अनुसार, दरोगा अविवाहित था, जबकि उसकी बहन की शादी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले दरोगा बाहर से अपने घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक, उसने घर में रखे कुछ जरूरी कागजात भी जला दिए थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे कुछ ग्रामीण शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर बिजली के टावर की ओर गई, जहां युवक का शव फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और अन्य लोगों को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!