निचलौल, महराजगंज। राजेन्द्र प्रसाद ताराचंद पीजी कॉलेज, निचलौल-महराजगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय की आसेतु हिमालय एवं स्वामी विवेकानंद इकाई के स्वयंसेवकों और स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोविन्द शरण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उप प्राचार्य उपेन्द्र गुप्त के कुशल निर्देशन में निकाली गई रैली महाविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर नगर पंचायत निचलौल के मुख्य बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे छात्र-छात्राओं ने ‘हर घर तिरंगा’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों ने नगरवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। मार्ग में नगरवासियों ने भी रैली का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
रैली में महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों के साथ समस्त प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाओं ने सहभागिता की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सूर्यभान मिश्र एवं सुनील कुमार गुप्त ने रैली को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों, प्राध्यापिकाओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। रैली ने नगर में देशभक्ति का संदेश देते हुए नागरिकों को राष्ट्रीय पर्व के प्रति जागरूक किया।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!