निचलौल/महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के अमडी गांव में सरकारी कब्रिस्तान की भूमि पर लगे सागौन के पेड़ों को कमेटी बनाकर बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कमेटी से जुड़े लोगों ने सरकारी भूमि पर खड़े पेड़ों का सौदा कर दिया। इसके बाद ठेकेदार ने कथित रूप से जिम्मेदार कर्मियों से मिलीभगत कर पेड़ कटवाने के लिए वन विभाग से परमिट भी हासिल कर लिया। बुधवार को पेड़ काटे जाने की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
मामले में हल्का लेखपाल संजीव कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने देर रात कमेटी के प्रबंधक, उपप्रबंधक, सचिव और ठेकेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार अमडी गांव में भूमि संख्या 130 में करीब 0.091 हेक्टेयर सरकारी भूमि दर्ज है, जिस पर सागौन के पेड़ लगे हुए हैं। आरोप है कि कुछ लोगों ने कमेटी बनाकर सरकारी भूमि पर लगे सागौन के पेड़ों को बेच दिया। इसके बाद ठेकेदार ने कथित तौर पर आनन-फानन में करीब 10 हरे सागौन के पेड़ कटवा दिए।
मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग ने कार्रवाई शुरू की और हल्का लेखपाल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि लेखपाल संजीव कुमार की तहरीर पर कमेटी प्रबंधक रफीउल्लाह, उपप्रबंधक अब्दुल माजिद, सचिव जाफर और ठेकेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!