निचलौल/महराजगंज। नागरिक कल्याण कार्यक्रम (VCA) के तहत शुक्रवार को 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की डी समवाय झुलनीपुर के कार्यक्षेत्र स्थित ग्राम इटहिया में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन क्षेत्रक मुख्यालय गोरखपुर के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (एसजी) डॉ. चंदन तालुकदार के नेतृत्व में किया गया।
शिविर में आसपास के पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों की टीम ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर से कुल 30 पशुपालक लाभान्वित हुए, जबकि 187 पशुओं का उपचार किया गया।
इस दौरान पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, समय पर उपचार, टीकाकरण, खान-पान एवं पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों से बचाव को लेकर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान एक प्रेरक वार्ता का भी आयोजन किया गया, जिसमें पशुपालकों को पशुधन के संरक्षण और स्वस्थ पशुपालन के प्रति जागरूक किया गया।
एसएसबी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा एवं अन्य जनकल्याणकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना की।
हर हर महादेव