00:00:00 AM
होम

ठूठीबारी में खाद वितरण पर बवाल, ब्लैक मार्केटिंग के आरोप में किसानों का हंगामा

नागेन्द्र शर्मा महराजगंज 29 Jul 2026, 05:20 AM 63 व्यूज
Main News Image

- किसान की टेलीफोनिक शिकायत पर निचलौल एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने 10 बोरी खाद कब्जे में ली

- किसानों ने समिति पर खाद वितरण में अनियमितता और ब्लैक मार्केटिंग के लगाए आरोप

निचलौल/ठूठीबारी। साधन सहकारी समिति (बी-पैक्स) ठूठीबारी में मंगलवार को खाद वितरण के दौरान कथित अनियमितता और ब्लैक मार्केटिंग के आरोपों को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि समिति में सचिव की अनुपस्थिति के बावजूद चौकीदार जितेंद्र पटेल द्वारा गांववार निर्धारित रोस्टर की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से खाद का वितरण कराया जा रहा था। एक किसान की शिकायत पर निचलौल उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ कुमार गुप्ता के निर्देश पर ठूठीबारी कोतवाली पुलिस ने 10 बोरी खाद को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

किसानों के अनुसार समिति से 10 बोरी खाद बिना निर्धारित प्रक्रिया के बाहर निकाली गई। आरोप है कि जिस व्यक्ति के लिए खाद निकाली गई, उसके पास न किसान पासबुक थी और न ही वह पंजीकृत किसान था। इसी दौरान किसान छेदी लाल साहनी ने समिति से बाहर शांतिनगर मोहल्ले में 10 बोरी खाद लावारिस हालत में देखी। काफी देर तक कोई भी व्यक्ति खाद पर अपना दावा करने नहीं पहुंचा।

इसके बाद किसान छेदी लाल साहनी ने उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ कुमार गुप्ता को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी और खाद की कथित अवैध निकासी की शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल पुलिस को मौके पर भेजकर खाद को कब्जे में लेने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने 10 बोरी खाद बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया।

स्थानीय किसानों का कहना है कि बी-पैक्स ठूठीबारी पहले भी खाद वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर विवादों में रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि समिति के सचिव, चौकीदार और अन्य लोगों की मिलीभगत से बिना फिंगरप्रिंट सत्यापन के खाद बाहर निकाल दी जाती है, जिससे वास्तविक किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ता है। किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी फुटेज में बिचौलिए की भूमिका सामने आने का दावा

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने समिति परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक कथित बिचौलिया समिति परिसर में ही किसानों से अधिक कीमत पर खाद खरीद रहा था। आशंका जताई जा रही है कि खाद को अवैध रूप से नेपाल भेजने की तैयारी थी। इसी बीच किसान छेदी लाल साहनी के विरोध और हंगामे के बाद कथित तस्कर 10 बोरी खाद मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!