00:00:00 AM
होम

22वीं वाहिनी एसएसबी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

आशुतोष मिश्रा महराजगंज 15 Aug 2026, 09:38 AM 69 व्यूज
Main News Image

महराजगंज। 22वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वाहिनी के कमांडेंट श्री शक्ति सिंह ठाकुर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

News Image

समारोह में वाहिनी के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवान, संदीक्षा सदस्य, बच्चे तथा सेवानिवृत्त कार्मिक उपस्थित रहे। इस दौरान कमांडेंट ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कार्मिकों से देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

News Image

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित होने वाले कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण की सराहना की गई।

इसके बाद बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं परिजनों में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। जवानों एवं उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की सेवा, सुरक्षा और एकता के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। अंत में सभी ने स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव एवं उत्साह के साथ मनाते हुए देशहित में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया। संपूर्ण कार्यक्रम उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ सम्पन्न हुआ।


⚡ 10 तत्काल खबरें

आपकी राय / कमेंट्स

अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!