महराजगंज। परसामलिक थाना क्षेत्र के बनैलिया माता रोहिन बैराज में रविवार को नहाने के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। हादसा बैराज के गेट संख्या-03 के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों के शवों को पानी से बाहर निकलवाया।
मृतकों की पहचान प्रिंस वर्मा पुत्र विनय वर्मा, निवासी महुअवा थाना सोनौली, उम्र करीब 20 वर्ष तथा मोनू साहनी पुत्र पवन साहनी, निवासी महुअवा, उम्र करीब 14 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रोहिन बैराज में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
हादसे की सूचना पर परसामलिक थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। दोनों को बाहर निकालने के बाद उनकी मौत की पुष्टि हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी नौतनवा और थानाध्यक्ष नौतनवा अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।
पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!