निचलौल/महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के हरिओम पैलेस में सोमवार को समाजवादी पार्टी की ओर से बूथ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि गाजीपुर सदर विधायक जयकिशन साहू ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। बेरोजगारी, महंगाई और अपराध के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरा और कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी जीत की पहली सीढ़ी है।
सम्मेलन की अध्यक्षता सिसवा विधानसभा क्षेत्र से सपा के भावी उम्मीदवार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भैया ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथ कमेटियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी।
कार्यक्रम में सपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के लोक गायक आलोक यादव ने गीतों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उनके गीतों पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए। कार्यक्रम का संचालन दीनबंधु उर्फ दीपू यादव ने किया।
इस दौरान अमित चौबे, रामलाल यादव, विनोद यादव, जीके साहू, केएन यादव और सोहनलाल गुप्ता समेत कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सम्मेलन में बबलू भारती, बोरिक, जवाहर लाल साहू, अभय प्रताप, ऋषिकेश यादव, गुड्डू गुप्ता, दीननाथ गुप्ता, बेचई गुप्ता, रामचंद्र गुप्ता, ब्रह्मानंद पटेल और ईश्वरचंद पटेल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभी तक कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!